
हरिद्वार।(शहजाद राजपूत) हरकी पैड़ी क्षेत्र में श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले 31 भिक्षुकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग घाटों पर आने-जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं को रोककर जबरदस्ती भीख मांग रहे थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ भिक्षुक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान रास्तों पर श्रद्धालुओं को रोककर परेशान करने वाले 31 लोगों को पकड़ा गया।गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने उन्हें जागरूक भी किया। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे भीड़ में अपने मोबाइल, पर्स, जेवर और अन्य कीमती सामान का ध्यान रखें। भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले लोगों से बचने के लिए सतर्क रहें। पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, उपनिरीक्षक राधाकृष्ण रतूड़ी और कांस्टेबल रमेश, मान सिंह, भूपेन्द्र गिरी, अमित कुमार, रितेश कुमार व नितिन रावत सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।



