
लक्सर। कोतवाली लक्सर पुलिस ने 24 अक्टूबर 2026 को एसटीजेपी स्कूल में जागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर ठगी और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने बच्चों को बताया कि नशे की लत युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर सकती है और इसके कारण मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। नशे के कारण पारिवारिक विवाद और आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए गए। पुलिस ने सलाह दी कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई। यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए पुलिस टीम ने हेलमेट पहनने, सड़क पर सावधानी बरतने और कम उम्र में वाहन नहीं चलाने की सख्त हिदायत दी। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। लक्सर पुलिस ने बच्चों से नशे से दूर रहने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील ।



